Healthcare Update: कैंसर के इलाज का खर्च उठा रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने कैंसर की 137 दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय कर दी है। 9 नवंबर से लागू होने वाले इस फैसले के बाद अलग-अलग कंपनियों के कई ब्रांड की दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती होगी। सरकार का अनुमान है कि इस कदम से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,502.31 करोड़ रुपए की बचत होगी।
दवाओं की कीमतों में कटौती का यह निर्णय स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) के तहत गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। समिति ने 17 अक्टूबर को इस संबंध में अपनी सिफारिशें दी थीं। इसके बाद राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने कैंसर की 137 दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा लागू करने का फैसला किया।
1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में आई कमी
रसायन और उर्वरक मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अब तक 76 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के कुल 1,225 फॉर्मूलेशन के लिए नई अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) जमा कराई हैं। इनमें से 1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कटौती दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, करीब 600 ब्रांड की दवाएं 50 प्रतिशत से अधिक सस्ती हुई हैं।
भारत में लॉन्च होने वाली नई दवाएं भी आएंगी दायरे में
इस फैसले का लाभ केवल मौजूदा दवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 से 15 ऐसी कैंसर की दवाएं भी हैं, जिन्हें अभी भारतीय बाजार में लॉन्च नहीं किया गया है। इनके बाजार में उपलब्ध होते ही ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) के नियम लागू होंगे। यानी भविष्य में आने वाली इन दवाओं की कीमतों पर भी निर्धारित सीमा का असर पड़ेगा।इन कैंसर दवाओं की कीमतों में हुई बड़ी कटौती
नई मूल्य व्यवस्था के तहत कई महंगी कैंसर दवाओं के दाम में उल्लेखनीय कमी आई है। कुछ प्रमुख दवाओं की पुरानी और नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- पालबोप्रो (Palbociclib 125 mg): RPG लाइफ साइंसेज की ब्रेस्ट कैंसर की इस दवा की कीमत 40,421.33 रुपए घटाकर 2,720 रुपए कर दी गई है।
- एबिरोन (Abiraterone Acetate 250 mg): अरविनकेयर फार्मा की प्रोस्टेट कैंसर की दवा अब 41,250 रुपए के बजाय 3,218.23 रुपए में उपलब्ध होगी।
- ब्रिक्सटा (Bevacizumab 100 mg): जाइडस लाइफसाइंसेज की इस दवा की कीमत 25,995 रुपए से घटाकर 3,318 रुपए कर दी गई है। इसका इस्तेमाल फेफड़े और सर्वाइकल कैंसर के उपचार में किया जाता है।
- डेनओस्टियोरेल (Denosumab 60 mg): रिलायंस लाइफ साइंसेज की इस दवा का दाम 24,955 रुपए से घटाकर 6,240 रुपए कर दिया गया है।
- लुपिहेर 2 (Pertuzumab 420 mg): ल्युपिन लिमिटेड के ब्रेस्ट कैंसर के इंजेक्शन की पुरानी कीमत 83,520 रुपए थी, जिसे अब घटाकर 37,358.30 रुपए कर दिया गया है।
अस्पतालों और दवा दुकानों को दिखानी होगी नई कीमत
सरकार के निर्देशों के मुताबिक, दवा विक्रेताओं, डीलरों और अस्पतालों को अपनी दुकानों और वेबसाइटों पर संशोधित कीमतों की सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को दवाएं निर्धारित नई कीमतों पर ही मिलें। इन नियमों के पालन की निगरानी की जिम्मेदारी राज्य के ड्रग कंट्रोलर्स को सौंपी गई है।
NPPA पोर्टल और ऐप से जान सकेंगे दवाओं के नए दाम
कैंसर के मरीज और उनके परिजन दवाओं की संशोधित कीमतों की जानकारी राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) की आधिकारिक वेबसाइट और 'फार्मा सही दाम' (Pharma Sahi Daam) मोबाइल ऐप के जरिए प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी दवा विक्रेता या अस्पताल की ओर से निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूले जाते हैं, तो उपभोक्ता संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।












