छत्तीसगढ़ की उभरती गायन प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से कीर्तिमान द्वारा आयोजित ‘गाइए और छा जाइए’ को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। आयोजन से पहले ही प्रदेशभर के 108 प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन कराकर इस मंच के प्रति अपनी रुचि और उत्साह जाहिर किया है। यही कारण है कि महासमुंद में होने वाला यह आयोजन अब एक सामान्य प्रतियोगिता न रहकर प्रदेश की प्रतिभाओं का उत्सव बनता जा रहा है।
कीर्तिमान के संस्थापक डॉ. नीरज गजेंद्र ने बताया कि संस्था का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच और पहचान प्रदान करना है। इसी सोच के साथ 05 जून 2026 को शाम 6 बजे महासमुंद स्थित आईआर रिजॉर्ट में ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन सपनों का उत्सव है जिन्हें अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिला।
प्रदेशभर से मिल रहा जबरदस्त प्रतिसाद
आयोजन को लेकर युवाओं और संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजीयन प्रक्रिया पूरी होने तक 108 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है। प्रतिभागी प्रदेश के विभिन्न जिलों से इस मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे।
रियलिटी शो जैसा होगा भव्य आयोजन
कार्यक्रम को पूरी तरह प्रोफेशनल रियलिटी शो की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। ग्रैंड म्यूजिकल स्टेज, लाइव ऑर्केस्ट्रा, आधुनिक साउंड और लाइटिंग सिस्टम, लाइव परफॉर्मेंस राउंड्स तथा ऑडियंस इंटरैक्शन जैसे आकर्षण इसे खास बनाएंगे।
दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल
आयोजन में हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सतीश जैन और लोकप्रिय विधायक एवं छालीवुड अभिनेता अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा फिल्म कलाकार दीपक साहू और दीक्षा जायसवाल भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। संगीत जगत से सुप्रसिद्ध गायक दिलीप षडंगी, सुनील सोनी, कंचन जोशी, अनुराग शर्मा और विवेक शर्मा प्रतिभागियों और दर्शकों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं हास्य कवि अजय अटपटू अपनी विशेष प्रस्तुति से माहौल को मनोरंजक बनाएंगे।
बांसुरी वादन होगा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बांसुरी वादन रहेगा। पद्म विभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के संगत शिष्य पुष्पराज डड़सेना अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि तबले पर शैलेष वेदव्यास उनका साथ निभाएंगे। यह प्रस्तुति संगीत प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव साबित हो सकती है।
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
कीर्तिमान के जनरल मैनेजर गिरधारी राजू साहू ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। 03 जून को ओपनिंग राउंड, 04 जून को सेमीफाइनल और 05 जून को ग्रैंड फिनाले होगा। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रदेश के अनुभवी कलाकार सुरेंद्र मानिकपुरी, अविनेश कोसे, दीपक व्यास और सुषमा मिश्रा निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। वहीं संगीत पक्ष में विश्राम यादव, बालेश साहू, संतु और मनोज यादव अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, आकर्षक उपहार तथा नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों को प्रसिद्ध कलाकारों से जुड़ने, मंचीय अनुभव प्राप्त करने और व्यापक मीडिया कवरेज का अवसर भी मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इच्छुक दर्शक कीर्तिमान मीडिया कार्यालय, बीटीआई रोड, महासमुंद तथा दीना ग्लोबल हॉस्पिटल, गुडरूपारा, महासमुंद से प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं।
