छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मंगलवार को रायपुर तहसील कार्यालय और नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का अचानक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत परखी। मंत्री के औचक दौरे से कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों के निपटारे में लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली सामने आने पर मंत्री ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
साफ-सफाई और फाइल प्रबंधन सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तहसील कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कार्यालय में फैली अव्यवस्था और फाइलों के खराब रखरखाव पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों के लिए स्वच्छ वातावरण, बैठने की बेहतर व्यवस्था और पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि सरकारी दस्तावेज और फाइलें व्यवस्थित तरीके से रखी जाएं ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विभिन्न शाखाओं और न्यायालयों का किया निरीक्षण
राजस्व मंत्री ने तहसील कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान वे भुइयां शाखा, कानूनगो शाखा, WBN शाखा और मालजमादार शाखा पहुंचे तथा वहां लंबित प्रकरणों और रिकॉर्ड की स्थिति की समीक्षा की।इसके अलावा उन्होंने तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों का भी निरीक्षण कर न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी ली। कोर्ट की सुनवाई में लगातार तारीख दिए जाने की शिकायतों पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व न्यायालयों में नियमित और प्रभावी सुनवाई होनी चाहिए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
तारीख पर तारीख” की संस्कृति खत्म करने की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि कई लोग सुबह से शाम तक अपनी सुनवाई के इंतजार में बैठे रहते हैं, लेकिन बिना सुनवाई अगली तारीख दे दी जाती है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशैली में तुरंत सुधार लाया जाए।मंत्री ने निर्देश दिए कि हर मामले की समय-सीमा तय कर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।लंबित मामलों को शून्य करने का लक्ष्य
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान बताया कि तहसील कार्यालय में अब तक कुल 65,390 प्रकरण दर्ज हुए थे, जिनमें से 64,702 मामलों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में 688 प्रकरण लंबित हैं।इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष लंबित मामलों का भी तय समय सीमा के भीतर निराकरण कर लंबित प्रकरणों की संख्या शून्य करने की दिशा में काम किया जाए।
आम जनता से सीधे मिले मंत्री
निरीक्षण के दौरान
मंत्री केवल कार्यालयीन समीक्षा तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने परिसर
में मौजूद आम नागरिकों से भी सीधा संवाद किया। लोगों ने अपनी समस्याएं और
शिकायतें मंत्री के सामने रखीं।मंत्री ने मौके पर
मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान
किया जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े
संभाग आयुक्त कार्यालय में भी दिए सख्त निर्देश
तहसील कार्यालय के बाद मंत्री नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। मंत्री ने संभाग आयुक्त को निर्देशित किया कि सभी जिलों में राजस्व मामलों के निपटारे की वास्तविक स्थिति का विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाए।
