छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक सरकारी स्कूल में शराब और चिकन पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो में स्कूल परिसर के अंदर कुछ शिक्षक और एक स्वीपर पार्टी करते हुए नजर आ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मामला मालखरौदा ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी का है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर में टेबल पर शराब की बोतलें और नॉनवेज रखा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ शिक्षक टेबल के आसपास बैठे नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है।
स्कूल छुट्टी के बाद पार्टी करने का आरोप
आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ शिक्षक और स्वीपर स्कूल परिसर में ही शराब और चिकन के साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।पांच शिक्षक और स्वीपर को नोटिस जारी
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने कार्रवाई करते हुए नरेंद्र कुमार लहरें (लेक्चरर), राजू कुमार साहू (लेक्चरर), राजेश धीरी (लेक्चरर), दिनेश चक्रधारी (लेक्चरर) और रात्रे (स्वीपर) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीईओ ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ने स्कूल परिसर में अनुशासन बनाए रखने और ऐसी गतिविधियों पर सख्ती बरतने की बात कही है।
शिक्षकों और स्वीपर को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - कुमुदिनी द्विवेदी (DEO, सक्ती)