राजधानी रायपुर के भाठागांव ओवरब्रिज के समीप मंगलवार रात शहर की प्रमुख जलापूर्ति पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन फूटते ही तेज दबाव के साथ हजारों लीटर पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे कुछ ही देर में मुख्य मार्ग और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन शहर की विभिन्न पानी टंकियों तक पेयजल पहुंचाने वाली मुख्य लाइन है। पाइपलाइन फटने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। यदि मरम्मत कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो भाठागांव सहित कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित हो सकती है। नागरिकों ने निगम प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सड़क पर जलभराव से यातायात हुआ प्रभावित
पाइपलाइन फूटने के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में पानी भर गया। पानी के तेज बहाव के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलने से बाल-बाल बचे। देर रात तक सड़क पर पानी जमा रहने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन से निकला पानी वेदही अस्पताल की गली और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गया।
निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पाइपलाइन फूटने की सूचना संबंधित अधिकारियों और नगर निगम को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन देर रात तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो पानी की इतनी बर्बादी नहीं होती और जलभराव की स्थिति भी नहीं बनती।
घटना के बाद निगम की आपातकालीन व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।इससे गली में जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों के घरों व दुकानों के सामने पानी जमा हो गया। रहवासियों ने बताया कि अचानक हुए जलभराव के कारण रात में निकलना मुश्किल हो गया था।
