छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में रविवार का दिन हादसों से भरा रहा। कोरबा और जशपुर में हुए दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जबकि जशपुर में खेत की जुताई के लिए जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर रविवार शाम करीब 4 बजे बड़ा हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और युवक का शव देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रेलर को अपने कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

गेट पास से पहचान की कोशिश
पुलिस को मृतक के पास से डीएसपीएम प्लांट का एक गेट पास मिला है। इसमें हरियर दास पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा (कोरबा) का नाम दर्ज है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों की मौजूदगी में शव की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भारी वाहनों से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। तेज रफ्तार और यातायात दबाव के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वहीं दूसरी घटना जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के कोदोपारा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर खेत की जुताई के लिए जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया।
मालिक समेत दो लोगों की मौत
हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर में सवार ट्रैक्टर मालिक समेत एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
दोनों मामलों में जांच जारी
कोरबा और जशपुर में हुए इन दोनों हादसों को लेकर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही दुर्घटनाओं की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की जा रही है।