लोकप्रिय वेब सीरीज ग्राम चिकित्सालय का दूसरा सीजन जल्द दर्शकों के बीच आने वाला है। शुक्रवार को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया, जिसमें एक बार फिर डॉ. प्रभात की कहानी आगे बढ़ती नजर आ रही है। इस बार कहानी में भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ की एंट्री भी हुई है, जिसने ट्रेलर को और दिलचस्प बना दिया है। द वायरल फीवर (TVF) द्वारा निर्मित यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियों को हास्य और भावनात्मक अंदाज में पेश करती है। पहले सीजन को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था और अब दूसरा सीजन उसी कहानी को आगे बढ़ाने जा रहा है।
फिर शुरू हुई डॉ. प्रभात की जंग
ट्रेलर में अमोल पराशर एक बार फिर डॉ. प्रभात के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका सपना भठकंडी गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को एक आदर्श चिकित्सालय बनाना है। लेकिन गांव की पुरानी सोच, संसाधनों की कमी और लोगों की आदतें उनके रास्ते में नई चुनौतियां खड़ी करती दिखाई देती हैं ग्रामीणों को अस्पताल तक लाने और स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा दिलाने के लिए डॉ. प्रभात इस बार भी कई नए तरीके अपनाते नजर आते हैं। ट्रेलर में हास्य, उलझन और भावनात्मक क्षणों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है।निरहुआ की एंट्री
सीजन 2 की सबसे बड़ी खासियत भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की एंट्री है। ट्रेलर में उनका किरदार कम समय के लिए दिखाई देता है, लेकिन उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। सोशल मीडिया पर भी उनकी एंट्री को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
पुराने कलाकार
नए सीजन में अमोल पराशर के साथ विनय पाठक, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह अपने पुराने किरदारों में लौट रहे हैं। पहले सीजन में इन कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था
'ग्राम चिकित्सालय' की कहानी काल्पनिक गांव भठकंडी के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज एक युवा डॉक्टर की यात्रा को दिखाती है, जो ग्रामीण इलाके के एक उपेक्षित स्वास्थ्य केंद्र को फिर से खड़ा करने की कोशिश करता है। इसी दौरान उसे गांव की सामाजिक, प्रशासनिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
रिलीज
निर्माताओं ने घोषणा की है कि 'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 का प्रीमियर 23 जून 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। ट्रेलर रिलीज के बाद दर्शकों के बीच नए सीजन को लेकर उत्साह और बढ़ गया है पहले सीजन की तरह इस बार भी ग्रामीण जीवन, स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियां और हल्के-फुल्के हास्य से भरपूर कहानी दर्शकों को देखने को मिलेगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डॉ. प्रभात भठकंडी के स्वास्थ्य केंद्र को नई पहचान दिलाने में कितने सफल होते हैं।
