छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सल्हाईटोला स्टेशन और गुदुम स्टेशन के बीच एक बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छिंदगांव निवासी अनुक राम यादव (65 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह रोज की तरह घर से खेत जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सल्हाईटोला स्टेशन और गुदुम स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सिर धड़ से हुआ अलग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन को आता देख बुजुर्ग रेलवे पटरी पर लेट गए थे। हालांकि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की वास्तविक वजह पता लगाने का प्रयास कर रही है।पुलिस ने की मामले की जांच
डौंडी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।