US Open Tennis: कजाकिस्तान की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेना रायबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएस ओपन 2026 महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। रायबाकिना ने पूर्व चैंपियन नाओमी ओसाका को सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। क्वार्टर फाइनल में अब रायबाकिना का सामना ओलंपिक चैंपियन झेंग किनवेन से होगा। इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
मैच की शुरुआत से ही रायबाकिना ने आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने सिर्फ 22 मिनट में पहला सेट 6-1 से अपने नाम कर लिया। घरेलू दर्शकों का समर्थन मिलने के बावजूद ओसाका रायबाकिना की तेज और सटीक शॉट्स का सामना नहीं कर सकीं। रायबाकिना ने अपनी मजबूत सर्विस और गहरी बेसलाइन हिटिंग के जरिए ओसाका पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने मिले तीन ब्रेक पॉइंट में से दो को अंक में बदला और एक ऐस के साथ पहला सेट खत्म किया।
दूसरे सेट में ओसाका ने दी चुनौती
दूसरे सेट की शुरुआत में 13वीं सीड नाओमी ओसाका ने वापसी की कोशिश की। उन्होंने अपनी सर्विस को संभाले रखा और रायबाकिना को कड़ी चुनौती दी। हालांकि, सातवें गेम में रायबाकिना ने अहम ब्रेक हासिल कर मुकाबले में अपनी बढ़त मजबूत कर ली। मैच के दौरान ओसाका को पैर में परेशानी भी महसूस हुई। उन्होंने अपना बायां पैर पकड़ा और तीसरे दौर के मुकाबले में सामने आई एच्लीस की समस्या का असर इस मैच में भी दिखाई दिया। इसके बावजूद उन्होंने संघर्ष जारी रखा। लेकिन रायबाकिना की आक्रामक शैली के सामने ओसाका ज्यादा देर तक टिक नहीं सकीं। कजाकिस्तान की खिलाड़ी ने बेसलाइन से लगातार तेज और सटीक शॉट लगाए। आखिरकार उन्होंने दूसरा सेट 6-4 से जीतकर 66 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।ओसाका का तीसरी बार खिताब जीतने का सपना टूटा
दो बार की यूएस ओपन चैंपियन (2018 और 2020) नाओमी ओसाका की तीसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद इस हार के साथ खत्म हो गई। पिछले कुछ वर्षों से ओसाका अपनी पुरानी लय हासिल करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन एक बार फिर उन्हें बड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, रायबाकिना इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने खिताबी अभियान को आगे बढ़ाने में सफल रही हैं। अब उनकी नजरें क्वार्टर फाइनल में झेंग किनवेन के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होंगी।