जिले के गंगरेल बांध में पहली बार
आयोजित ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन
किया गया। 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण जल रेस में प्रतिभागियों ने अद्भुत साहस, संतुलन और टीम वर्क का प्रदर्शन कर
दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू
एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक आयोजित इस प्रतियोगिता में धमतरी सहित कांकेर और
बालोद जिलों की कुल 52 टीमों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर उत्साह और
जनसहभागिता का अनूठा माहौल देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक ओमकार
साहू, महापौर रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस
अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर सहित
अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
महिला प्रतिभागियों ने बटोरी सुर्खियां
आयोजन की खास बात ग्रामीण अंचलों की
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक
नाव के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश दिया।
सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता के विजेता
- प्रथम स्थान: रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद
- द्वितीय स्थान: सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी
- तृतीय स्थान: कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी
विशेष पुरस्कार
- वेशभूषा: पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद
- सजावट: रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद
नगद पुरस्कार से किया सम्मानित
विजेताओं को ₹1 लाख, ₹50 हजार और ₹25 हजार के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
वहीं वेशभूषा और सजावट के लिए ₹11 हजार के विशेष पुरस्कार दिए गए। महिला प्रतिभागियों को
प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
पर्यावरण और जनकल्याण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण
कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मत्स्य विभाग द्वारा मछुआ समितियों को आइस
बॉक्स वितरित किए गए तथा जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉटर एंबुलेंस का
शुभारंभ भी किया गया।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह आयोजन जिले में पर्यटन, खेल और संस्कृति के समन्वय का सशक्त
उदाहरण बनकर उभरा है। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच
मिला, बल्कि गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में
विकसित करने की दिशा में भी नई राह खुली है।
