ED Raid: सुबह-सुबह बंद दरवाजों के पीछे ईडी की सीक्रेट रेड, अपर कलेक्टर के घर से क्या तलाश रही है टीम?
ED Raid: अपर कलेक्टर इंद्रा नवीन सिंह देवहारी के सरकारी आवास पर ईडी की टीम ने छापेमारी की। करीब 8 से 10 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को उनके पति नवीन प्रताप सिंह तोमर से जुड़े चर्चित छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल ईडी की ओर से छापेमारी की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
ED Raid: शुक्रवार की सुबह शहर के प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम ने जिले की अपर कलेक्टर इंद्रा नवीन सिंह देवहारी के सरकारी आवास पर अचानक छापा मारा। तड़के एक वाहन में सवार होकर पहुंचे करीब 8 से 10 अधिकारियों ने घर के भीतर मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा के लिहाज से आवास के बाहर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही न हो सके। पिछले पांच घंटों से अधिक समय से ईडी के अधिकारी घर के भीतर मौजूद हैं और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इसे सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है।
पति की गिरफ्तारी के बाद से रडार पर था परिवार
इस पूरी कार्रवाई के पीछे की मुख्य कड़ी अपर कलेक्टर के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर माने जा रहे हैं। आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर रह चुके तोमर, प्रदेश के बहुचर्चित
आबकारी (शराब) घोटाले के प्रमुख आरोपियों में से एक हैं। इसी साल फरवरी 2026 में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की संयुक्त टीम ने उन्हें रायपुर से गिरफ्तार किया था।
क्या है 182 करोड़ के अतिरिक्त भुगतान का मामला?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य की शराब नीति और उसके संचालन में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी और वित्तीय अनियमितताएं की गईं। इस मामले की परतें तब और गहरी हुईं, जब अक्टूबर 2026 में एसीबी द्वारा पेश किए गए पूरक चालान में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। चालान के अनुसार, सरकारी शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त काम के भुगतान के नाम पर 182 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी की गई थी। फिलहाल, धमतरी स्थित अपर कलेक्टर के आवास पर ईडी की सर्चिंग जारी है। टीम डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ संपत्ति और लेनदेन से जुड़े कागजात खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस छापेमारी में एजेंसी के हाथ क्या अहम सुराग लगे हैं।