अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मां डिजिटल एक्स-रे एवं पैथोलॉजी सर्विसेस एवं माँ मेडिकल स्टोर के संचालक ललित कुमार चक्रधारी द्वारा जिला अस्पताल महासमुंद और बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रहे नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया गया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात नर्सों को गुलाब फूल एवं मिठाई भेंट कर उनके समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री चक्रधारी ने जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड, मेडिसिन वार्ड, डिलीवरी वार्ड, चाइल्ड वार्ड तथा इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सों की भूमिका सबसे अहम होती है। मरीजों की देखभाल, समय पर दवाइयां देना, ड्रेसिंग करना, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखना जैसे महत्वपूर्ण कार्य नर्सें पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाती हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर द्वारा इलाज किए जाने के बाद मरीज की निरंतर देखरेख का दायित्व नर्सों पर ही होता है। ऑपरेशन थिएटर से लेकर मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज होने तक नर्सें दिन-रात सेवा में लगी रहती हैं। कई बार नर्सें मरीजों के लिए परिवार की तरह सहयोग और सहारा बन जाती हैं। उनकी सेवा भावना और समर्पण वास्तव में अतुलनीय है।
इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि समाज द्वारा उनके कार्यों को सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। इससे उन्हें और अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। नर्स डे के मौके पर अस्पताल परिसर में सम्मान और संवेदनशीलता का विशेष माहौल देखने को मिला। मरीजों और उनके परिजनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नर्सों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

