राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट सामने आया है। शहर में करीब 11 किमी लंबा रिंग रोड-5 बनाया जाएगा, जिसके लिए शासन ने 694 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। यह सड़क चंदनीडीह से शुरू होकर महादेवघाट, खारुन नदी के किनारे होते हुए पुराना धमतरी रोड के खिलोरा तक जाएगी। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद रोजाना एक लाख से ज्यादा लोगों को जाम से राहत मिलने का अनुमान है।
दो चरणों में होगा निर्माण
रिंग रोड-5 का काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
- पहला चरण: चंदनीडीह से भाठागांव तक 7.5 किमी सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण
- दूसरा चरण: भाठागांव से खारुन नदी तक 3.5 किमी सड़क का विस्तार
इसके अलावा चंदनीडीह रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या को खत्म करने के लिए करीब 110 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता पंकज कश्यप के मुताबिक, प्रोजेक्ट को बजट मंजूरी मिल चुकी है और फिलहाल सर्वे का काम जारी है। सड़क चंदनीडीह, महादेवघाट, साठागांव और काठाडीह होते हुए खिलोरा तक बनाई जाएगी। इसमें भूमि अधिग्रहण भी शामिल है और प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
निगम और पीडब्ल्यूडी मिलकर करेंगे काम
रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि अधोसंरचना मद में इस प्रोजेक्ट के लिए प्रावधान किया गया है। पीडब्ल्यूडी को भी बजट मिल चुका है। बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए दोनों एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। खास तौर पर दुर्ग-भिलाई से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट तक सीधी और आसान कनेक्टिविटी देने पर फोकस रहेगा।
इन रूट्स पर मिलेगा सीधा फायदा
- महादेवघाट और अमलेश्वर तक आसान पहुंच
- भाठागांव के जरिए शहर में वैकल्पिक एंट्री
- एक्सप्रेस-वे और NH-30 से सीधा जुड़ाव
- दुर्ग-भिलाई से एयरपोर्ट तक सिग्नल-फ्री सफर
रिंग रोड-1 का दबाव होगा कम
विशेषज्ञों का मानना है कि शहर का मौजूदा रिंग रोड-1 अब आउटर नहीं रह गया, बल्कि शहर के बीचोंबीच आ गया है। ऐसे में नए रिंग रोड-5 का निर्माण समय की जरूरत है। इससे दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा सकेगा।
एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर बनाने की मांग
जानकारों का सुझाव है कि इस सड़क को सामान्य सड़क की बजाय एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेस-वे की तरह विकसित किया जाना चाहिए। इससे भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को संभालना आसान होगा और लंबी दूरी के यात्रियों को बिना रुकावट सफर मिल सकेगा।
अभी 23 किमी का चक्कर, 1 घंटे से ज्यादा लगते हैं
फिलहाल खिलोरा से चंदनीडीह पहुंचने के लिए लोगों को रिंग रोड-1 से होकर करीब 23 किमी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। सेजबहार के बाद ट्रैफिक इतना बढ़ जाता है कि संतोषी नगर चौक तक पहुंचने में 30-40 मिनट लग जाते हैं। जाम के चलते पूरा सफर एक घंटे से ज्यादा का हो जाता है।
