राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजेभाठा में मंगलवार को मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। स्कूल में प्रार्थना के समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 40 स्कूली बच्चे घायल हो गए।
मधुमक्खियों के काटने के बाद कई बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव पहुंचाया गया। वहीं कुछ बच्चों का प्राथमिक उपचार स्कूल परिसर में ही किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चों की जांच की और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पेड़ पर बने छत्ते से निकली मधुमक्खियां
बताया जा रहा है कि स्कूल के आसपास मौजूद एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था। प्रार्थना के दौरान किसी कारणवश छत्ते में हलचल होने के बाद मधुमक्खियां अचानक बाहर निकल आईं और वहां मौजूद बच्चों को काटना शुरू कर दिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
कई बच्चों को इलाज के बाद मिली छुट्टी
स्वास्थ्य केंद्र में लाए गए बच्चों का डॉक्टरों ने उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद कई बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
CMHO ने घटना की दी जानकारी
राजनांदगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि बीजेभाठा स्कूल में मधुमक्खियों के काटने की सूचना बीएमओ के माध्यम से मिली थी। उन्होंने बताया कि करीब 40 बच्चों को मधुमक्खियों ने काटा है। इनमें से 15 से 20 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर उपचार दिया गया, जबकि कुछ बच्चों का इलाज स्कूल में ही किया गया।
सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में
CMHO ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं पाई गई है। आशंका जताई जा रही है कि पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते को किसी पक्षी या अन्य कारण से नुकसान पहुंचा होगा, जिसके बाद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।