छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। गश्त के दौरान हिरासत में लिए गए तीन संदिग्ध आरोपी बीती रात पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गए। यह पूरी घटना उस वक्त घटी जब पुलिस टीम कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए तीनों का मेडिकल (MLC) परीक्षण कराने जिला अस्पताल पहुंची थी।
अस्पताल परिसर से हुए रफूचक्कर
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रात में गश्त के दौरान तीनों संदिग्धों को पकड़ा था। इसके बाद डॉक्टरी जांच के लिए उन्हें नारायणपुर के जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन अस्पताल परिसर की गहमागहमी का फायदा उठाकर तीनों आरोपियों ने चकमा दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से भाग निकले। जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक तीनों नजरों से ओझल हो चुके थे। इस पूरे मामले की पुष्टि नारायणपुर थाना प्रभारी ने की है।
इलाके में की गई नाकेबंदी
पुलिस हिरासत से आरोपियों के इस तरह गायब होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर आए या इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले, तो तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें।





