श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा शनिवार को देखने को मिला। बोल बम कांवरिया संघ बागबाहरा का 52 सदस्यीय दल बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) की पावन कांवर यात्रा के लिए धार्मिक उत्साह के साथ रवाना हुआ। श्रद्धालुओं के प्रस्थान के दौरान बोल बम, हर-हर महादेव और जय बाबा बैद्यनाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रायपुर से ट्रेन द्वारा देवघर के लिए प्रस्थान
कांवरिया संघ के संयोजक नरेंद्र (गप्पी) सलूजा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का दल बागबाहरा से बस के माध्यम से रायपुर के लिए रवाना हुआ। इसके बाद सभी श्रद्धालु ट्रेन से बाबा धाम देवघर पहुंचेंगे। वहां से सुल्तानगंज पहुंचकर पवित्र गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल कांवर यात्रा पूरी करेंगे और बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक करेंगे।
27 वर्षों से निभा रहे हैं कांवर यात्रा की परंपरा
इस वर्ष की यात्रा में बागबाहरा के साथ-साथ तेंदुकोना, सरायपाली, महासमुंद और ओडिशा के श्रद्धालु भी शामिल हुए हैं। संघ में वर्षों से लगातार बाबा धाम की यात्रा करने वाले अनुभवी शिवभक्तों के साथ पहली बार यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु भी शामिल हैं। संघ के कई सदस्य पिछले लगभग 27 वर्षों से लगातार कांवर यात्रा कर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।कई क्षेत्रों के श्रद्धालु हुए शामिल
कांवर यात्रा में गिरधारी सोनी, रोहित चंद्राकर, दिलीप साहू, पुरुषोत्तम तिवारी, धनश्याम चंद्राकर, कैलाश अग्रवाल (तेंदुकोना), डब्ल्यू अग्रवाल (ओडिशा), नवीन अग्रवाल, रवि फरौंदिया, मेघु साहू, धर्मेंद्र ठाकुर, गिरीश मोनाडी, सोनू सलूजा, आशीष अग्रवाल (महासमुंद), संदीप गुप्ता, हरीश दुबे, पराग अग्रवाल, भूषण साहू, धनंजय साहू, मयंक शर्मा, उज्ज्वल अग्रवाल, पुलस सेन, प्रखर अग्रवाल, युगल परमार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक श्रद्धालु शामिल हैं।
पूजन-अर्चन के बाद दी गई भावपूर्ण विदाई
रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। परिजनों और नगरवासियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाओं के साथ कांवरियों को विदाई दी। पूरे दल में बाबा धाम पहुंचकर जलाभिषेक करने को लेकर खासा उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए करेंगे जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक का सौभाग्य जीवन का परम सौभाग्य है। सभी कांवरिए बाबा धाम में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ जलाभिषेक करेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।