इंडियन रग्बी और तेलंगाना रग्बी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जूनियर नेशनल रग्बी सेवन्स अंडर-18 बालक एवं बालिका चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 6 से 11 जुलाई तक हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की बालक और बालिका टीम हैदराबाद पहुंच चुकी है।
महासमुंद जिले के बेलसोंडा और पब्लिक स्कूल तुमगांव के कुल छह खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है, जिससे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों ने लगातार मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इन खिलाड़ियों का चयन महासमुंद के लिए गर्व की बात है और इससे जिले में रग्बी खेल को भी नई पहचान मिलेगी।
बेलसोंडा स्कूल की तीन बेटियों का चयन
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा से तीन बालिका खिलाड़ियों का चयन हुआ है। शिवानी बघेल इससे पहले अंडर-19 एसजीएफआई नई दिल्ली और अंडर-15 राष्ट्रीय प्रतियोगिता अजमेर में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। जिया परवीन ने कलिंगा स्टेडियम, भुवनेश्वर में आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। वहीं नंदनी निषाद भी भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं।तुमगांव के खिलाड़ियों ने भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छोड़ी छाप
पब्लिक स्कूल तुमगांव से चयनित तीनों बालक खिलाड़ी भी पहले कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। अजय प्रकाश साहू ने पटना, ग्वालियर, भुवनेश्वर, अहमदाबाद और पटना में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया है।
भावेश तारक नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी दर्ज करा चुके हैं, जबकि कुणाल जांगड़े ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे प्रशिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण की बदौलत खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।