बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां के दीदारगंज थाना इलाके के करमलीचक स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात एक बड़े खाद्य तेल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों के तेल का भारी स्टॉक रखा हुआ था। तेल होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पचास लाख रुपये से ज्यादा का माल जलकर खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए पटना सिटी समेत राजधानी के सभी फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियों को तुरंत बुलाया गया। आग बुझाने के लिए कुल बाइस दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पूरी रात आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे, लेकिन तेल की वजह से सुबह तक आग पूरी तरह से शांत नहीं हो सकी थी।
केमिकल झाग का करना पड़ा इस्तेमाल
मौके पर मौजूद फायर स्टेशन ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल में लगी आग को पानी से बुझाना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए इस आग को दबाने के लिए एक विशेष प्रकार के केमिकल झाग यानी फॉर्म कंपाउंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि गोदाम में यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही हादसे के सही कारणों की जांच की जाएगी। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए गोदाम के ठीक बगल में स्थित ब्रेड बनाने वाली फैक्ट्री को आग की चपेट में आने से पूरी तरह बचा लिया।सड़क पर फैला तेल, रास्ते में हुई फिसलन
यह पूरा इलाका गोदामों और कमर्शियल हब का होने के कारण रात के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी भी व्यक्ति की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन गोदाम से तेल और डालडा जलकर चारों तरफ बहने की वजह से आसपास के रास्तों पर भारी फिसलन हो गई है। दमकल विभाग की एक बड़ी टीम आठ घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लगातार काम पर जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग बुझाने का काम अब अपने आखिरी दौर में है और जल्द ही स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।