अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 पौवा देशी शराब जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहारा बायपास रोड के किनारे एक युवक अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार मंडावी (27 वर्ष), निवासी अटल आवास पेंड्री, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 48 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 8.640 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 3,840 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक राजेश्वर बंदेश्वर, कुश बघेल एवं रूपेन्द्र वर्मा की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
