Amazon Warehouse Raipur: राजधानी रायपुर के सिलतरा क्षेत्र के गिरौद गांव स्थित अमेजन के लॉजिस्टिक पार्टनर यू सेन लॉजिस्टिक के गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों ने वहां तैनात कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां सिलतरा थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि गोदाम में कार्यरत कुछ अधिकारी उनके साथ गलत व्यवहार करते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यस्थल पर उन्हें परेशान किया जाता है और अधिकारियों के व्यवहार से वे असहज महसूस कर रहे हैं।
वॉशरूम में कैमरा लगाने का आरोप
कुछ पुरुष कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि गोदाम के वॉशरूम में कैमरा लगाया गया है। कर्मचारियों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग पुलिस से की है। वहीं, महिला कर्मचारियों ने कुछ अधिकारियों पर अनुचित बातचीत करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ अधिकारी उनसे निजी बातें करते हुए डेट पर चलने जैसी बातें भी करते हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
कर्मचारियों की शिकायत के बाद सिलतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपों से घिरे एक अधिकारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। हालांकि, मीडिया कर्मियों को देखकर वह थाना परिसर से चले गए और अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
