Arang News: AI लिटरेसी मिशन का समापन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं को दिया तकनीकी कौशल सीखने का संदेश
Arang News: आरंग में कौशल विकास यात्रा-2026 के तहत AI लिटरेसी मिशन का समापन हुआ। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीकी कौशल और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रकाशित: 10 Oct 2026, 08:53 PM· 3 मिनट पढ़ने का समय
आरंग
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Arang News: कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आरंग में आयोजित कौशल विकास यात्रा-2026 के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लिटरेसी मिशन के समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में युवाओं एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता, कौशल विकास और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, व्यवसाय, रोजगार और नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी कौशल से सुसज्जित करना समय की आवश्यकता है। AI लिटरेसी मिशन जैसी पहल विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों को समझने और भविष्य की संभावनाओं के लिए स्वयं को तैयार करने में सहायक है।
कौशल विकास यात्रा की प्रमुख उपलब्धियां
कौशल विकास यात्रा-2026 के अंतर्गत देशभर में युवाओं एवं विद्यार्थियों को कौशल विकास, आधुनिक शिक्षा और भविष्य की तकनीकों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस यात्रा से स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों से संपर्क स्थापित करना है। यात्रा के अंतर्गत AI लिटरेसी मिशन के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणाओं, दैनिक जीवन एवं शिक्षा में इसके उपयोग, AI टूल्स की व्यावहारिक उपयोगिता तथा इसके जिम्मेदार और नैतिक इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को AI के क्षेत्र में उभरते करियर विकल्पों, कौशल आधारित पाठ्यक्रमों, उच्च शिक्षा और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति, बदलती तकनीकी आवश्यकताओं और करियर के विविध विकल्पों से परिचित कराना भी शामिल है। करियर मार्गदर्शन, शैक्षणिक जानकारी और कौशल आधारित प्रशिक्षण के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर युवाओं को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप भविष्य की दिशा चुनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाना और स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को समय की मांग के अनुरूप कौशल, तकनीकी ज्ञान और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। AI और अन्य आधुनिक तकनीकों का सही उपयोग युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कौशल विकास यात्रा-2026 और AI लिटरेसी मिशन जैसी पहलें युवाओं को ज्ञान, तकनीक और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक युवा बदलते समय की आवश्यकताओं को समझे, नए कौशल सीखे और अपनी प्रतिभा के बल पर प्रदेश तथा देश के विकास में योगदान दे। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीकों के प्रति जिज्ञासु बनने, निरंतर सीखने और उपलब्ध कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।