त्योंथर क्षेत्र की ग्राम पंचायत वरहट में सड़क पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गांव की सड़क को दो हिस्सों में बंटा हुआ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर अवैध रूप से बाड़ और तार लगाकर रास्ता रोक दिया गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने से गांव के करीब 500 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। हालत यह है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
तार-बाड़ी लगाकर कब्जे का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, यह रास्ता गांव से बाहर जाने का एकमात्र प्रमुख मार्ग था, जिसे बंद किए जाने से रोजमर्रा के कामों पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही सुग्रीव लोहार नामक व्यक्ति ने सड़क पर बाड़ और तार लगाकर कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि इस वजह से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है और लोगों को मजबूरी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समझाने के बाद भी रास्ता खाली नहीं किया गया।
मरीजों को हो रही परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क बंद होने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, वहीं किसानों को खेतों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी समस्या खड़ी हो रही है।
प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खुलवाकर अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर है। लोगों का कहना है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और बढ़ सकती है।