पुलिस पर हमला : कौशांबी में पुलिस टीम को घेरकर की मारपीट, 5 गिरफ्तार, कई फरार
गांजा तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश के कौशांबी पहुंची रायपुर पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घटना में एक आरक्षक घायल हो गया। मामले में 53 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची रायपुर पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में अब पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद घायल आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा की शिकायत पर कौशांबी पुलिस ने 53 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, इचौली गांव निवासी शिवम केशरवानी के खिलाफ रायपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी का मामला दर्ज है। मामले की सुनवाई के दौरान एनडीपीएस कोर्ट ने शिवम केशरवानी और सिराथू निवासी आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसी वारंट की तामील के लिए रायपुर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची थी।
गिरफ्तारी अभियान के लिए कौशांबी पहुंची थी टीम
रायपुर पुलिस के प्रभारी आरक्षक युसुफ खान, आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा, संदीप कुमार, अजय चौधरी और सत्यवेंद्र प्रधान की टीम शुक्रवार रात कौशांबी पहुंची। पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए आकाश उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी की तलाश में इचौली गांव पहुंची और उसके घर के आसपास निगरानी शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम सादे कपड़ों में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान शिवम के परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध समझकर 'चोर-चोर' का शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
लाठी-डंडों से लैस लोगों ने पुलिस को घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी भी दी।
अचानक हुए इस हमले से पुलिस टीम को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हमले के दौरान आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।
घायल जवान का उपचार कराया गया, जिसके बाद पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस को दी गई।
53 लोगों पर केस दर्ज, 5 आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 53 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें नामजद और अज्ञात दोनों प्रकार के आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कौशांबी पुलिस और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।