राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को चंगोराभाठा क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने चार निर्माणाधीन भवनों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगम के विशेष ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत की गई, जिसका उद्देश्य शहर में नियमों के विपरीत हो रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाना है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार पवार भवन के पीछे स्थित चार निर्माणाधीन भवनों में स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमति के बिना निर्माण कार्य किया जा रहा था। शिकायत और जांच के बाद निगम ने कार्रवाई का निर्णय लिया। मौके पर पहुंची टीम ने भवनों में बनाए गए अवैध दीवार, कॉलम, बीम, छज्जे और अन्य निर्माण हिस्सों को हटाया।
थ्री-डी मशीन से हटाए गए अवैध निर्माण
टीम प्रहरी अभियान के तहत लगातार निगरानी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहरभर में टीम प्रहरी अभियान के माध्यम से अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी बिना अनुमति भवन निर्माण, अतिरिक्त निर्माण या भवन नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल जांच कर कार्रवाई की जा रही है। निगम का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।
अधिकारियों ने नागरिकों और भवन मालिकों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले निगम से स्वीकृत नक्शा और आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें। बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण किए जाने पर नोटिस जारी करने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
