Balod Accident News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई। मरकाटोला घाट के पास डीजे से जुड़ी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, मरकाटोला घाटी में डीजे से बंधी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे। टक्कर के बाद पिकअप सवार युवक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर दो युवकों की मौत, तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अन्य युवकों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में कुल 5 युवकों की जान चली गई, जबकि पांच घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े रहे, जिससे नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने हादसे की पुष्टि की
एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। दुर्घटना में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
मरकाटोला घाट में एक बार फिर हुए इस बड़े हादसे ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए इस मार्ग पर सावधानी, वाहन गति नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर ध्यान देने की जरूरत महसूस की जा रही है।
मरकाटोला घाट पहले भी बन चुका है हादसों का केंद्र
नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट क्षेत्र पहले भी कई गंभीर सड़क हादसों का गवाह रहा है। पिछले महीने अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर (24) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह अपने बाइक ग्रुप के साथ बस्तर की यात्रा पर निकली थीं।
