लगातार हो रही बारिश के बीच गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। सुहागपुर गांव के गौठान में बाढ़ के पानी से घिरे एक परिवार को नगर सेना की टीम ने करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि उसी गौठान में करीब 300 गायें अब भी बाढ़ के पानी में फंसी हुई हैं।
लगातार बारिश के चलते सुहागपुर गांव के हालात बिगड़ गए। बुधवार दोपहर से गौठान में एक परिवार बाढ़ के पानी के बीच फंसा हुआ था। शाम करीब पांच बजे इसकी सूचना जिला प्रशासन और नगर सेना की टीम को मिली। पानी का बहाव इतना तेज था कि मौके तक पैदल पहुंचना संभव नहीं था।
रेस्क्यू बोट के सहारे शुरू किया गया अभियान
परिवार को बचाने के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू बोट की व्यवस्था की। देर शाम शुरू हुआ बचाव अभियान रात तक चलता रहा। नगर सेना के जवानों ने पानी के बीच करीब आधा किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर गौठान तक पहुंचने की कोशिश की। रेस्क्यू के दौरान कई बार बोट के सामने भी परेशानी आई और वह बीच रास्ते में बंद हो गई। इसके बावजूद जवानों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। दूसरी ओर मौजूद टीम के सदस्य टॉर्च की रोशनी से रास्ता दिखाते रहे। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।मासूम बच्चों को सुरक्षित देख लोगों ने लगाए जयकारे
रेस्क्यू किए गए परिवार में तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे, जिनकी उम्र 5 साल, 3 साल और 2 साल बताई गई है। जब पूरा परिवार सुरक्षित किनारे पहुंचा तो मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारे लगाए। घंटों तक खतरे में रहने के बाद परिवार के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। बताया जा रहा है कि यह नगर सेना की टीम द्वारा जिले में किया गया पहला देर रात का बड़ा बाढ़ बचाव अभियान था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान थाना प्रभारी, तहसीलदार और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
गौठान में अब भी फंसी हैं करीब 300 गायें
परिवार को सुरक्षित निकालने के बाद भी सुहागपुर गौठान की समस्या बनी हुई है। यहां करीब 300 गायें अभी भी बाढ़ के पानी से घिरी हुई हैं। लगातार बारिश के कारण गौठान पूरी तरह पानी से भर गया है। प्रशासन की टीम लगातार हालात की निगरानी कर रही है और गायों को सुरक्षित निकालने की तैयारी में जुटी है। नगर सेना की टीम ने इससे पहले दोपहर में भिलाई क्षेत्र के एक फार्म हाउस में फंसे तीन लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला था। बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को समय रहते रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।प्रशासन के सामने अब गायों को बचाने की चुनौती
फिलहाल सुहागपुर में जिला प्रशासन की नजर पूरी स्थिति पर बनी हुई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती गौठान में फंसी करीब 300 गायों को बचाने की है। प्रशासन और राहत टीम लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही है।