Gariaband Mining: जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंड़ में रेत के बड़े पैमाने पर भंडारण और परिवहन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुगदा बांध रोड के पास स्थित एक निजी जमीन पर भारी मात्रा में रेत जमा किए जाने और हाइवा के जरिए उसका परिवहन होने का आरोप है। इस मामले में शासन को लाखों रुपये के खनिज राजस्व का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने प्रशासन से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ग्राम पोंड़ में इतनी बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किसकी अनुमति से किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने संबंधित कारोबारियों के पास भंडारण अनुज्ञप्ति, रॉयल्टी और परिवहन के लिए जरूरी ई-ट्रांजिट पास जैसे दस्तावेजों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
संयुक्त जांच दल गठित करने की मांग
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने प्रशासन से ग्राम पोंड़ में संयुक्त जांच दल भेजकर पूरे मामले की पड़ताल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद रेत की वास्तविक मात्रा का आकलन किया जाए। इसके अलावा भंडारण की अनुमति, रॉयल्टी भुगतान, ई-ट्रांजिट पास और रेत परिवहन में लगे हाइवा वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने अब तक किए गए रेत परिवहन का रिकॉर्ड खंगालने और इससे शासन को हुए संभावित राजस्व नुकसान का आकलन करने की बात कही है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
सिन्हा ने कहा कि जांच में यदि अवैध भंडारण या परिवहन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, इस पूरे मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत अथवा लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।






