मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब और वाहन सहित कुल माल की कीमत 75 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब तक की महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में संपन्न हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल एवं देवचरण पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस
ट्रक की तलाशी में मिला भारी मात्रा में शराब का जखीरा
वाहन की गहन तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब में लगभग 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर तथा 400 पेटी गोवा व्हिस्की शामिल है। शराब की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है।
बरामद शराब के अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार शराब और वाहन सहित कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 75 लाख 28 हजार रुपये पहुंचती है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी चालक ने खुलासा किया कि शराब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी। इसे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली इलाके में अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था। आरोपी के अनुसार गढ़चिरौली क्षेत्र में शराब दुकानों की सीमित उपलब्धता के कारण वहां अवैध शराब की मांग रहती है और इसी का फायदा उठाकर तस्करी की जा रही थी।
नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस टीम की भूमिका रही सराहनीय
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में थाना मानपुर पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल मोहला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है।