रायपुर शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा स्पा सेंटरों का संचालन तय नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्पा सेंटरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। साथ ही संचालकों को नियमों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त, सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना प्रभारियों समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने इन थाना क्षेत्रों में संचालित कुल 10 स्पा सेंटरों का अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, वैधानिक अभिलेख, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से परीक्षण किया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार संचालित हो रहे हैं तथा वहां किसी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि नहीं चल रही है।संचालकों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का समय-समय पर सत्यापन कराने, सभी जरूरी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शासन के नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है। यदि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।