भेण्डरी गांव में घर में घुसकर चोरी और महिला पर हमला करने का ऐसी घटना सामने आया है। जो लोगों को चौंका दिया है, घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि आरोपी की पूरी गतिविधि घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाला अज्ञात आरोपी अपनी पहचान छिपाने की पूरी तैयारी के साथ घर में दाखिल हुआ था। उसने रेनकोट पहन रखा था और चेहरे को नकाब से ढक रखा था, ताकि उसकी पहचान आसानी से न हो सके।
नकाब पहनकर घुसा आरोपी
आरोपी के घर में घुसने और वहां की गतिविधियां CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस अब फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि आरोपी के हुलिए और अन्य सुरागों के जरिए उसकी पहचान की जा सके। घर में घुसने के दौरान आरोपी का सामना वहां मौजूद महिला से हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अचानक हुई इस घटना से महिला के परिजन भी सकते में हैं।
गांव में दहशत का माहौल
भेण्डरी गांव में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। घर में घुसकर चोरी करने और महिला पर हमला किए जाने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। दिनदहाड़े या घर में मौजूद लोगों के बीच इस तरह की वारदात को लेकर ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की गतिविधियों के आधार पर पुलिस उसके आने-जाने के रास्ते और पहचान से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
गिरफ्त से बाहर है आरोपी
फिलहाल वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मगरलोड थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में भी आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सकेगा।