बदलते रंग : क्रिकेट टूर्नामेंट में उप मुख्यमंत्री ने खुद खेलकर दिखाई अपनी सहजता
सुकमा जिले के मुनगा गांव में क्रिकेट खेल रहे युवाओं के बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव अचानक पहुंच गए। उन्होंने मैदान में बल्ला थामा और कुछ गेंदों पर शॉट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने सभी 16 टीमों को क्रिकेट किट देने का वादा किया और खेल मैदान की कमी दूर करने के निर्देश दिए। बस्तर प्रवास के दौरान वे विकास कार्यों की समीक्षा भी कर रहे हैं।
सुकमा जिले के घने जंगलों और ग्रामीण रास्तों के बीच उस समय एक अनोखा और खुशनुमा दृश्य देखने को मिला जब उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को क्रिकेट खेलते देखा। किरंदुल से सुकमा मार्ग पर यात्रा के दौरान मुनगा गांव के पास उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे मैदान की ओर पहुंच गए। यहां उन्होंने न केवल खिलाड़ियों से मुलाकात की बल्कि खुद क्रीज पर उतरकर बल्ला भी थामा और गेंदबाजों की कुछ गेंदों पर शानदार शॉट लगाकर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
खिलाड़ियों से संवाद
मैदान पर कुछ गेंद खेलने के बाद उप मुख्यमंत्री साव ने खिलाड़ियों से सहज और आत्मीय बातचीत की, जिससे टूर्नामेंट की पूरी जानकारी सामने आई। बातचीत के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की मांग के बिना ही सभी 16 टीमों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की, ताकि युवा खिलाड़ी बेहतर संसाधनों के साथ खेल का आनंद ले सकें।
विकास कार्यों की लगातार समीक्षा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव इन दिनों चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे लगातार क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। वे अधिकारियों के साथ बैठकों में प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों। साथ ही उन्होंने बस्तर संभाग में चल रहे कार्यों को तेज गति से पूरा करने और लंबित योजनाओं को जल्द शुरू करने पर भी विशेष जोर दिया है।