इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स की ओर से खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर घर में काम करने वाले एक कुक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जबरन काम कराने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रीवा का रहने वाला है। उसे भोपाल स्थित शैलेश सिंह के घर में कुक की नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था। आरोप है कि उसे हर महीने 15 हजार रुपये वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने में मदद का आश्वासन भी दिया गया था। इन वादों पर भरोसा कर वह भोपाल पहुंचा और काम शुरू किया।
कुछ घंटो बाद काम का बोझ और मारपीट का आरोप
विपेंद्र सिंह का आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद उस पर जरूरत से ज्यादा काम का दबाव बनाया जाने लगा। उसने यह भी दावा किया कि घर में पहले से काम कर रहे अन्य कर्मचारियों के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया जाता था। जब उसने काम छोड़ने की इच्छा जताई तो उसे डांटा गया और धमकाते हुए पूछा गया कि यदि काम नहीं करना था तो वहां आने की जरूरत ही क्या थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। पीड़ित के मुताबिक, वह डरकर अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बावजूद शैलेश सिंह, शशांक सिंह और उनके ड्राइवर ने कमरे तक पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसे चोटें भी आईं, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरु की
रातीबड़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर शैलेश सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।