Chhattisgarh Weather: पानी में डूबीं सड़कें और कॉलोनियां, घुनघुट्टा डैम के सभी 8 गेट खोले गए, सूरजपुर में अलर्ट
Chhattisgarh Weather: सरगुजा में 12 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। घुटरापारा समेत कई निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया, जबकि घुनघुट्टा डैम के सभी 8 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। रेण नदी का जलस्तर बढ़ने से सूरजपुर में अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश से सड़कों पर जलभराव और जाम की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सूरजपुर, कोरिया और MCB में भारी बारिश की संभावना जताई है।
क
कीर्तिमान न्यूज
03 Sep 2026, 09:14 AM
अंबिकापुर
Chhattisgarh Weather: मंगलवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने सरगुजा जिले की रफ्तार थाम दी। हवा के कम दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) के ठीक जिले के ऊपर से गुजरने के कारण लगातार 12 घंटे तक रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। इस भारी बारिश से जहां शहरी इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई, वहीं ग्रामीण और तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर निचले इलाकों में देखने को मिला।
सालों पुरानी समस्या पर अभी तक नहीं हुआ समाधान
घुटरापारा मोहल्ले में महामाया पहाड़ से आया पानी तेज बहाव के साथ दर्जनों घरों में घुस गया। रातभर लोग पानी निकालने और घरेलू सामान को बचाने में जुटे रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या सालों पुरानी है, लेकिन अब तक इसका कोई पक्का समाधान नहीं निकाला जा सका है। उधर, वीआईपी माने जाने वाले कुंडला सिटी कॉलोनी की सड़कें भी जलमग्न हो गईं और ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त नजर आया। दोपहर बाद जब बारिश थमी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
घुनघुट्टा डैम के खोले गए सभी गेट डैम के 8 गेट खोलकर छोड़ना पड़ा पानी
कैचमेंट एरिया से हुई रिकॉर्ड आवक के चलते सरगुजा जिले का सबसे बड़ा घुनघुट्टा डैम पूरी तरह भर गया है। स्थिति को देखते हुए इस सीजन में पहली बार डैम के सभी 8 गेट खोलकर पानी छोड़ना पड़ा। डैम से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण रेण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए पड़ोसी जिले सूरजपुर के निचले और तटीय इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के रखरखाव की भी पोल खोलकर रख दी।
घोषित की गई स्कूलों की छुट्टी
शहर से गुजरने वाले रायगढ़ रोड (भारत माता चौक से दरिमा मोड़) और मनेंद्रगढ़ रोड (रावत रेसिडेंसी के पास) में बड़े-बड़े गड्ढे पानी से भर गए। इसके चलते दिनभर वाहनों की रफ्तार थमी रही और रायगढ़ रोड पर किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। मौसम विभाग की ओर से उत्तरी छत्तीसगढ़ के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। इसके मद्देनजर बलरामपुर जिले में प्रशासन ने एहतियातन सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बुधवार की छुट्टी घोषित कर दी थी, हालांकि वहां केवल सामान्य बारिश ही हुई।
24 घंटों में इन क्षेत्र पर हो सकती है भारी बारिश
इसके ठीक उलट, बारिश का असली केंद्र रहे सरगुजा जिले में स्कूल खुले रहे। इस वजह से छोटे-छोटे बच्चों को जलभराव और भारी बारिश के बीच ही स्कूल जाना पड़ा, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखी गई। मौसम विज्ञानी ए.एम. भट्ट के अनुसार, झारखंड की ओर से आया कम दबाव का क्षेत्र बुधवार को सरगुजा के ऊपर सबसे ज्यादा सक्रिय था, जिसके कारण यह स्थिति बनी। अब यह मौसम तंत्र धीरे-धीरे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर खिसक रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में सूरजपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि सरगुजा जिले में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है।