कहा जाता है कि अगर इरादे बुलंद हों और दिल में कुछ कर गुजरने का जुनून हो, तो सुविधाओं का अभाव भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन पाता। इस बात को सच कर दिखाया है स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय समोदा (आरंग) की 17 वर्षीय बालिका हॉकी टीम ने।
विद्यालय में खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के बावजूद यहां की बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर राज्यस्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में जगह बनाकर पूरे रायपुर संभाग का गौरव बढ़ाया है।
26 जुलाई से जशपुर में नेहरू हॉकी प्रतियोगिता
राज्यस्तरीय नेहरू हॉकी खेल प्रतियोगिता का आयोजन 26 जुलाई से 30 जुलाई तक जशपुर नगर में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए समोदा की बालिका टीम मैदान में उतरेगी। सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने वाली इन खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में प्राची कोल, श्रद्धा साहू, फाल्गुनी साहू, मेघा साहू, गीतिका साहू, विधि साहू, गंगा साहू, जमुना साहू, जानवी यादव, मुग्धा साहू, वसुंधरा साहू, रेमा साहू, वंदना साहू, योगेश्वरी साहू, लक्ष्मी साहू एवं रेणुका साहू शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।शिक्षकों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शाला विकास समिति के सदस्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार पटले, वरिष्ठ शिक्षक आज्ञाराम ठाकुर, टीपू लाल वर्मा, श्रीमती खुशबू जलक्षत्री, सुधा वर्मा, हिमानी निषाद, स्मिता साय, विकासखंड खेल अधिकारी राकेश कुमार प्रधान, हॉकी कोच अंथ्रेस मिंज तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खुशी व्यक्त की। सभी ने खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।