Dhar Road Accident: इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमझेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आतेड़ी फाटा और खाखेड़ी फाटा के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बच्चों समेत करीब 10 से 12 मजदूर घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर गुजरात के दाहोद जिले से महाराष्ट्र के नागपुर में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे।
करीब रात 12:32 बजे इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे कई मजदूर सड़क पर गिर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रॉली पलटी नहीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही अमझेरा थाना पुलिस और पुलिस सहायता वाहन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सहायता वाहन के सैनिक रतन भाभर और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अमझेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में घायल मजदूरों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
अमझेरा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 5 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए धार जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं अन्य घायलों का इलाज अमझेरा अस्पताल में जारी है। अमझेरा थाना पुलिस ने मामले को लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश सहित आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
