औंधी क्षेत्र में बीते दिनों नजर आए बाघ की पहचान वन विभाग ने कर ली है। यह करीब तीन वर्ष का नर बाघ है। जांच में सामने आया है कि यह बाघ महाराष्ट्र के ताड़ोबा टाइगर रिजर्व से नहीं आया है। वन विभाग के अनुसार यह युवा बाघ अपने परिवार से अलग होकर किसी दूसरे इलाके से पलायन करते हुए औंधी क्षेत्र तक पहुंचा है। 5 अगस्त को औंधी-नवागांव उपवन क्षेत्र की ग्राम पंचायत पेंदोड़ी के कोहकाटोला गांव में बाघ देखा गया था। इसके बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाई। बाघ की तस्वीर ट्रैप कैमरे में कैद होने के बाद उसकी पहचान की गई। बाघ की मौजूदगी ने क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही के नए रास्ते की संभावना बढ़ा दी है।
नए वन्यजीव कॉरिडोर की संभावना
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि बाघ किस दिशा से आया और उसने कौन सा मार्ग तय किया। इसके आधार पर संभावित वन्यजीव कॉरिडोर की जानकारी जुटाई जा रही है। मानपुर क्षेत्र की सीमा महाराष्ट्र के ताड़ोबा टाइगर रिजर्व से लगती है, इसलिए पहले बाघों की आवाजाही को ताड़ोबा से जोड़कर देखा जाता था। हालांकि इस बाघ के मामले में वन विभाग ने साफ किया है कि इसका संबंध ताड़ोबा से नहीं है।
जताई जाती रही संभावना
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व क्षेत्र से भी बाघों के मानपुर-औंधी इलाके में पहुंचने की संभावना रही है। हालांकि वन विभाग ने अभी तक किसी भी संभावित मार्ग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मानपुर-औंधी क्षेत्र में बाघों की मौजूदगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले छुरिया क्षेत्र में बाघिन और मोहला इलाके में बाघ के पदचिह्न मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं से यह क्षेत्र वन्यजीवों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बाघ की लगातार निगरानी जारी
वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल ने बताया कि नवागांव उपवनक्षेत्र में मिला बाघ लगभग तीन वर्ष का युवा नर है। उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है और आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार की जा रही है। दूसरी ओर इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र से भी वन्यजीवों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। यहां दो शावकों के साथ बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। लंबे समय बाद इस क्षेत्र में बाघों की नई पीढ़ी दिखाई देने से वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में उम्मीद बढ़ी है।
108 एंबुलेंस के सामने आई बाघिन
शनिवार रात करीब 9:30 बजे दशपाल घाट के पास सड़क पर एक बाघिन अचानक 108 एंबुलेंस के सामने आ गई। एंबुलेंस प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को लेकर लौट रही थी। वाहन चालक ने सावधानी बरती और बाघिन कुछ देर बाद जंगल की ओर चली गई। इस दौरान उसकी तस्वीर भी कैमरे में कैद हो गई।