राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली नाइट्रोसन-10 टेबलेट के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 300 प्रतिबंधित टेबलेट, दो मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 1.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कबीर नगर निवासी मोहम्मद असफाक (25), आजाद चौक निवासी शिवम ढीमर (22) और धमतरी जिले के कुरूद निवासी तुषार ढीमर (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गोलबाजार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 300 नाइट्रोसन-10 टेबलेट बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गोलबाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है। अधिकारियों का दावा है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।