Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डिलीवरी बॉय के साथ लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले बाइक से टक्कर मारकर डिलीवरी बॉय को सड़क पर गिराया और फिर मारपीट कर नकदी व सोने की अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। पीड़ित हबीब खान स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत मिलने पर आमानाका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 3(5) में मामला दर्ज किया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विरोध करने पर तीन लोगों ने की मारपीट
पीड़ित के मुताबिक, नीचे गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की। जब उसने इसका विरोध किया तो एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे पर्स से 5 हजार रुपए नकद के साथ हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। दोनों आरोपी आमानाका थाना क्षेत्र के डुमर तालाब के पास रहने वाले बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।












