Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखे एक युवक के शव के डीकंपोज होने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम के लिए सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जब शव की हालत देखी तो नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मर्चुरी का फ्रीजर खराब होने के बावजूद शव को उसमें रखा गया, जिससे यह स्थिति बनी। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी 23 वर्षीय रमेश चक्रधारी एक कार वॉशिंग सेंटर में काम करता था। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे काम के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पुलिस को सूचना दी गई। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।
खराब फ्रीजर में शव रखने का आरोप, परिजनों का हंगामा
शुक्रवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव से खून निकल रहा था और उसमें डीकंपोज होने के लक्षण दिखाई दे रहे थे। यह देखकर परिजन आक्रोशित हो गए। उनका आरोप था कि मर्चुरी का फ्रीजर पहले से खराब था, इसके बावजूद शव को उसमें रख दिया गया। इसी वजह से शव की ऐसी हालत हुई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार अस्पताल प्रबंधन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए।
फ्रीजर खराब होने की जानकारी नहीं दी गई: मृतक का भाई
मृतक के भाई गणेश चक्रधारी ने बताया कि रमेश की गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे करंट लगने से मौत हुई थी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। उस समय परिजनों को बताया गया था कि फ्रीजर चालू है। लेकिन अगली सुबह जब वे अस्पताल पहुंचे तो शव की हालत खराब हो चुकी थी। गणेश का कहना है कि फ्रीजर में खराबी के कारण ही शव डीकंपोज हुआ। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फ्रीजर में तापमान नियंत्रित नहीं हो पा रहा था: सिविल सर्जन
इस मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि मर्चुरी के फ्रीजर में किसी कारण से तापमान नियंत्रित नहीं हो पा रहा था। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रीजर खराब होने की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जिस भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए फ्रीजर के तापमान की नियमित निगरानी और हर महीने उसकी जांच सुनिश्चित की जाएगी।












