BTI Road: शहर के BTI रोड पर शास्त्री चौक के पास सड़क के गड्ढे में एक पिकअप वाहन फंस गया। सड़क के बीचों-बीच वाहन फंसने से दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और जाम की स्थिति बन गई। पहले से ही पार्किंग की अव्यवस्था और निर्माणाधीन सड़क के कारण परेशान वाहन चालकों की मुश्किलें इस घटना के बाद और बढ़ गईं।
सड़क पर पार्क होते हैं दोपहिया वाहन
शास्त्री चौक के पास सड़क किनारे स्थित दुकानों और बैंक के सामने पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है। श्रुति मिष्ठान भंडार के सामने ग्राहक अपने दोपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। वहीं, एक्सिस बैंक के एटीएम में आने वाले लोग भी सड़क किनारे वाहन पार्क करते हैं।
इस वजह से सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम बचती है और यहां अक्सर जाम जैसी स्थिति बनती रहती है। ऐसे में सड़क के बीचों-बीच पिकअप वाहन फंसने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
निर्माणाधीन सड़क पर पहले से गड्ढे और धूल की समस्या
बताया जा रहा है कि BTI रोड का निर्माण कार्य अभी जारी है। निर्माणाधीन सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और धूल की समस्या पहले भी सामने आती रही है। सड़क की अधूरी स्थिति के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
शास्त्री चौक के पास पिकअप वाहन के गड्ढे में फंसने की घटना ने सड़क की स्थिति और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के साथ सड़क पर पार्किंग और यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाए, ताकि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिल सके।











