कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्राम लाछा, मराडबरा और उमरझोला में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने गांव में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के स्वयं गांव पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया और अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं।
शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर बच्चों को किया प्रेरित
थाना झलमला क्षेत्र के ग्राम सोनवाही, बंदूकुंदा, सिलहरी तथा सरहदी क्षेत्र उमरझोरा टोला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में पुलिस अधीक्षक ने सहभागिता की। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्थायी प्राथमिक कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्कूली बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत माध्यम है और बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन करना चाहिए। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, कुएं और बोरिंग के पानी में समय-समय पर ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग करने तथा केवल शुद्ध पेयजल के सेवन की सलाह दी।अंधविश्वास से दूर रहने की अपील, तुरंत चिकित्सा लेने की सलाह
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सांप, बिच्छू या अन्य विषैले जीवों के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार कराएं। समय पर चिकित्सा ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। एसपी ने क्षेत्र के आश्रम और छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधीक्षकों को स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करने की दिशा में पहल
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कबीरधाम पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका यह दौरा पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।