PDS Rice Storage: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बोड़ला ब्लॉक के बैजलपुर में करीब 2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बन रहे पीडीएस चावल भंडारण गोदाम के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। कहीं रेत की जगह डस्ट से ईंटों की जुड़ाई हो रही है, तो कहीं बिना पर्याप्त खुदाई के ही कॉलम खड़े कर दिए गए हैं। इन आरोपों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले से बनी सीसी सड़क पर खड़े किए कॉलम
बैजलपुर में छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की ओर से गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण स्थल पर चार कॉलम पहले से बनी सीसी सड़क के ऊपर ही खड़े कर दिए गए हैं। उनका आरोप है कि मजबूत नींव के लिए जरूरी खुदाई और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों ने दीवारों की ईंट जुड़ाई में भी गड़बड़ी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मसाला तैयार करने में रेत की जगह डस्ट का अधिक इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि मिश्रण में करीब 70 प्रतिशत डस्ट और 30 प्रतिशत रेत मिलाई जा रही है। इसके अलावा निर्माण में घटिया गुणवत्ता की ईंटें लगाए जाने और प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की अनदेखी के आरोप भी सामने आए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि निर्माण में इसी तरह लापरवाही बरती गई, तो भविष्य में गोदाम की दीवारों और कॉलम की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तक पहुंची शिकायत निर्माण
कार्य में गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों को गुणवत्ता में सुधार लाने की हिदायत दी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि निरीक्षण और चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में अब उनकी मांग है कि निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की तकनीकी जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि काम स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार ही हो।
कलेक्टर ने जांच कराने की बात कही
मामले को लेकर कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने कहा कि पिछले दिनों कुछ निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी सामने आई थी। इस संबंध में संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे। बैजलपुर के गोदाम निर्माण की शिकायत पर भी संबंधित कार्य एजेंसी से जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। ग्रामीणों की ओर से लगाए गए गुणवत्ता संबंधी आरोप जांच का विषय हैं। निर्माण कराने वाले विभाग से जानकारी लेने के साथ ही मौके का निरीक्षण भी कराया जाएगा।
2.38 करोड़ के प्रोजेक्ट में किसकी होगी जवाबदेही
सरकारी योजनाओं के तहत बनने वाले गोदामों का उद्देश्य खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता भविष्य में बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है। फिलहाल इस मामले में ग्रामीणों के आरोपों की आधिकारिक जांच होना बाकी है। अब निगाहें प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। सवाल यह भी है कि यदि निर्माण कार्य में तकनीकी खामियां और अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो क्या केवल निर्माण में सुधार कराया जाएगा या संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी?












