Ganja Smuggling: ओडिशा से मध्य प्रदेश तस्करी हो रहा 41.5 लाख का गांजा जब्त, फर्जी नंबर प्लेट लगी बलेनो कार से 3 तस्कर गिरफ्तार
Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सांकरा पुलिस ने एनएच-53 पर कार्रवाई करते हुए 83.100 किलो गांजा जब्त किया है। ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही खेप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
Ganja Smuggling: ओडिशा से मध्य प्रदेश की ओर अवैध रूप से ले जाए जा रहे गांजे की एक बड़ी खेप को सांकरा थाना पुलिस और साइबर/स्थानीय टीम ने एनएच-53 पर घेराबंदी कर जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक बलेनो कार सहित करीब
47.85 लाख का माल जब्त किया है, जिसमें 83 किलोग्राम से अधिक गांजा और तस्करों के मोबाइल शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांकरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर से बसना के रास्ते रायपुर होते हुए मध्य प्रदेश की ओर एक सफेद रंग की बलेनो कार में अवैध
मादक पदार्थ गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों को साथ लेकर नेशनल हाईवे 53 पर बिजेपुर मोड़ के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर में भगतदेवरी की तरफ से एक संदिग्ध सफेद बलेनो कार (जिस पर ओडिशा का नंबर ओडी 23 एबी 1372 लगा हुआ था) आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने स्टॉपर लगाकर वाहन को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार सवार घबरा गए और गाड़ी रोककर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से भाग निकला।
फर्जी नंबर प्लेट से दे रहे थे चकमा
पकड़े गए आरोपियों और वाहन की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट और डिक्की से कुल 7 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। FSL टीम और गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर बोरियों में 83.100 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी बाजारू कीमत लगभग 41,55,000 रुपये आंकी गई है। कार के डैशबोर्ड की जांच करने पर वाहन के असली कागजात मिले। चेसिस और इंजन नंबर का मिलान करने पर खुलासा हुआ कि गाड़ी का असली नंबर CG 31 D 0516 है, जबकि पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामान
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी (19 वर्ष) – निवासी जरही, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
राजेश उरमलिया (40 वर्ष) – निवासी अमलिहा, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
लोचन महारा (28 वर्ष) – निवासी जरही, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
फरार आरोपी: तुलाराम चंद्रवंशी (निवासी जरही, जिला अनूपपुर, म.प्र.)।
जब्त सामग्री की सूची:
अवैध गांजा: 83.100 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹41,55,000)
बलेनो कार: (कीमत लगभग ₹6,00,000)
स्मार्टफोन: तीन महंगे मोबाइल (कीमत लगभग ₹30,000)
कुल जप्ती: ₹47,85,000 (सैंतालीस लाख पचासी हजार रुपये)
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा के सोनपुर निवासी बबलू रेडा उर्फ राहुल से खरीदकर अनूपपुर (मध्य प्रदेश) में खपाने जा रहे थे। फरार आरोपी तुलाराम चंद्रवंशी इस पूरे गिरोह का मुख्य सूत्रधार था, जो ओडिशा के सप्लायर से संपर्क कर गांजे का सौदा करता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।