Mahasamund News: छत्तीसगढ़ की बसना पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर नाकेबंदी के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे एक तस्कर को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे और वाहन की कुल कीमत 8.55 लाख रुपये आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक, थाना बसना पुलिस की टीम पलसापाली बैरियर पर गाड़ियों की रूटीन जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रही एक महिंद्रा बोलेरो (क्रमांक MH21V0435) को रोका गया।
13.80 किलोग्राम गांजा जब्त
पुलिस को देखते ही ड्राइवर घबरा गया और गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गाड़ी में अवैध गांजा होने की बात कबूल की। पुलिस ने नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली, तो बोलेरो की पिछली सीट के पास टेप से लिपटा एक बड़ा पैकेट और एक नीले रंग की प्लास्टिक झिल्ली मिली। ड्रग डिटेक्शन किट और भौतिक जांच से पुष्टि हुई कि पैकेट में रखा पदार्थ गांजा ही है। तौल कराने पर बोलेरो से कुल 13.80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 6,50,000 रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपी और जप्ती का ब्योरा:
आरोपी: गीताराम औटे (39 वर्ष), निवासी नायगांव, थाना पैठण, जिला संभाजीनगर (महाराष्ट्र)।
बरामद सामान: 13.80 किलो गांजा (कीमत ₹6.50 लाख), बोलेरो गाड़ी (कीमत ₹2 लाख), एक सैमसंग मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस।
कुल जब्ती: ₹8,55,000 रुपये।
ओडिशा से महाराष्ट्र के लिए हो रही थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह गांजा ओडिशा के बरहमपुर से खरीदकर महाराष्ट्र के संभाजीनगर ले जा रहा था। जब पुलिस ने उससे गांजे के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

