जनपद पंचायत बागबाहरा की सामान्य सभा इस बार प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे पर गरमा गई। उत्तर प्रदेश में काम के दौरान जान गंवाने वाले ग्राम पंचायत बीके बहरा निवासी कन्हैया लाल ध्रुव के परिजनों को कई सप्ताह बाद भी डेथ सर्टिफिकेट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिलने का मामला बैठक में प्रमुखता से उठा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जरूरी दस्तावेजों के अभाव में परिवार आज भी शासन की मुआवजा और बीमा योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहा है। इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए श्रम विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया।
15 जुलाई को आयोजित सामान्य सभा की बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने की। बैठक में उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, जनपद पंचायत सीईओ मनहरण लाल मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभागवार समीक्षा के दौरान जब प्रवासी श्रमिकों का रिकॉर्ड, पंजीकृत ठेकेदारों और पलायन करने वाले मजदूरों की जानकारी मांगी गई तो श्रम विभाग संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर सदस्यों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब श्रमिकों का समुचित रिकॉर्ड ही उपलब्ध नहीं है, तो संकट की घड़ी में उनके परिवारों तक मदद कैसे पहुंचेगी।
हर ग्राम पंचायत में बनेगा 'पलायन पंजी'
बैठक में भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में 'पलायन पंजी' संधारित करने के निर्देश दिए गए। इस पंजी में बाहर काम करने वाले श्रमिकों, उन्हें ले जाने वाले एजेंट, कार्यस्थल और संपर्क संबंधी जानकारी दर्ज की जाएगी, ताकि किसी दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।
खाद-बीज, स्कूल, आंगनबाड़ी और ट्रांसफार्मर पर भी हुई समीक्षा
जनपद अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने सभी विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग से खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में जर्जर स्कूल भवनों, शिक्षकों के रिक्त पदों और शैक्षणिक व्यवस्था पर चर्चा हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग को जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के स्थान पर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को किसानों की मांग के अनुरूप नए ट्रांसफार्मर लगाने और खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता से बदलने के लिए कहा गया। इसके अलावा स्वास्थ्य, लोक निर्माण, वन तथा आदिम जाति कल्याण विभाग की योजनाओं और कार्यों की भी समीक्षा की गई।
ये रहे बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी
बैठक में राहुल चंद्राकर, तुलाराम ठाकुर, बलराम ध्रुव, भूपेंद्र (मोंटू) दीवान, गरिमा चंद्राकर, मधुलिका चंद्राकर, भूमिका सिन्हा, तारेश्वरी पटेल, थनेश्वरी प्रहलाद साहू, दिव्या उपेंद्र दीवान, जामिन ठाकुर, मानबाई ठाकुर, रेणुका मरकाम, देवकी गायकवाड़, गीता दीवान, रुखमणी साहू, पूजा एवन साहू, भगवती ठाकुर, लता कुमारी कुम्हार, चंद्रकला साहू, पारस सांखला, लोचन पटेल और धनंजय साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।