रायपुर में रेपिडो बाइक से सफर कर रही एक महिला का बैग चालक लेकर फरार हो गया। बैग में दो मोबाइल फोन समेत करीब 40 हजार रुपए का सामान बताया गया है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, भीमनगर के श्रीजन विला में रहने वाली सत्य सरोज ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि रविवार शाम करीब 4:15 बजे उन्होंने सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से घर जाने के लिए रेपिडो बाइक बुक की थी। कुछ देर बाद नीली स्कूटी पर एक चालक पहुंचा। उसने नीले रंग का रेनकोट पहन रखा था।
बैग भारी होने पर चालक के पैरों के पास रखा सामान
महिला पहले शास्त्री चौक और फिर आमापारा चौक पहुंचीं। यहां उन्होंने फल खरीदे और उन्हें एक बैग में रख लिया। बैग भारी होने के कारण उन्होंने उसे स्कूटी पर चालक के पैरों के पास रख दिया। इसी बैग में उनके दो मोबाइल फोन भी रखे थे। इसके बाद चालक महिला को वंदना ऑटो होते हुए भीमनगर लेकर पहुंचा। घर के पास महिला जैसे ही स्कूटी से उतरकर अपना सामान लेने लगीं, चालक बिना किराया लिए ही वहां से तेजी से निकल गया। महिला ने आवाज लगाकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका।बैग में दो मोबाइल मिले
घटना के बाद महिला ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने बेटे को जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, बैग में ओप्पो रेनो 16सी मोबाइल और रेडमी 13सी फोन रखा था। दोनों मोबाइल की बताई गई कीमत क्रमश: 30 हजार और 10 हजार रुपए है। महिला की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने अज्ञात रेपिडो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब चालक की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।