Hasdeo River Accident: भारी बारिश का अलर्ट, हसदेव नदी में पिकनिक मनाने गए छात्रों के साथ बड़ा हादसा
Hasdeo River Accident: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जांजगीर-चांपा के देवरी गांव में हसदेव नदी किनारे पिकनिक के दौरान बिलासपुर के तीन छात्र तेज बहाव में बह गए, जिनमें से एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है। वहीं धमतरी सहित कई जिलों में लगातार बारिश से जलस्तर बढ़ गया है और मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश व बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
क
कीर्तिमान न्यूज
12 Sep 2026, 12:11 PM
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Hasdeo River Accident: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगड़ गया है। राज्य के मध्य हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। एक तरफ उफान मारती नदियां और लबालब भरे बांध लोगों की मुसीबत बढ़ा रहे हैं, तो दूसरी तरफ जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के किनारे हुआ एक भयानक हादसा मातम में बदल गया है। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का एक ग्रुप शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए जांजगीर-चांपा के देवरी गांव पहुंचा था।
बचाने गए दो साथी भी बहे
मौसम सुहावना था, लेकिन नदी किनारे फोटो खिंचवाते वक्त यह खुशी चीख-पुकार में बदल गई। नदी के मुहाने पर सेल्फी लेते समय अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समाने लगा। उसे बचाने के फेर में दो अन्य साथियों ने भी नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते तीनों छात्र पानी के तेज़ बहाव में ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
नगर सैनिकों और गोताखोरों ने करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पवन लाल नाम के छात्र का शव बरामद कर लिया है। वहीं दो अन्य लापता छात्रों—सचिन और मुरारी की तलाश में शनिवार सुबह से ही सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश बेलरगांव में 120 मिमी और नगरी में 110 मिमी रिकॉर्ड हुई।
छात्रों की तलाश में जुटे सुरक्षा कर्मी आवाजाही पूरी तरह ठप्प
लगातार हो रही बारिश के कारण धमतरी जिले के मुरुमसिल्ली बांध का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया, जिसके बाद बांध के सभी सायफन गेट खोलने पड़े। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण धमतरी-नरहरपुर मुख्य मार्ग पर कई फीट तक पानी भर गया है। रास्ते के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं और आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है।
अगले 24 घंटे: प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी दी गई है।
अगले 2 से 3 दिन: मध्य क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
प्रशासन की अपील: उफान मारते नदी-नालों और जलाशयों के पास जाने से बचें। पिकनिक या घूमने के दौरान पानी के बहाव से दूरी बनाए रखें।