India vs Zimbabwe 3rd T20: भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रन से रौंदकर टी20 सीरीज 3-0 से की अपने नाम
India vs Zimbabwe 3rd T20: भारतीय महिला टीम ने रायपुर में तीसरे टी20 मुकाबले में जिंबाब्वे को 92 रन से हराकर सीरीज 3-0 से जीत ली। हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 91 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया। नंदिनी शर्मा ने तीन विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
प्रकाशित: 21 Oct 2026, 10:12 AM· 3 मिनट पढ़ने का समय
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
India vs Zimbabwe 3rd T20: हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा के अर्धशतकों के दम पर भारतीय महिला टीम ने तीसरे टी20 मुकाबले में जिंबाब्वे को 92 रनों से हराकर सीरीज पर 3-0 से अपने नाम कर लिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था।
हरमनप्रीत कौर ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और फॉर्म में वापसी की। उन्होंने नाबाद 91 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके द्वारा बनाया गया ये स्कोर भारत के लिए टी20 में नंबर या उससे निचले क्रम के बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पहले स्थान पर भी हरमनप्रीत कौर खुद हैं, जिन्होंने 2018 में 103 रनों की पारी खेली थी।
शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शेफाली और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। अनुष्का ने 20 गेंदों में 28 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद निकी प्रसाद नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन शेफाली का तूफान जारी रहा। उन्होंने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। 14.4 ओवर में वह 69 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। शेफाली के बाद पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर जिंबाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। हरमनप्रीत ने 10 चौके और पांच छक्के लगाए। अंतिम पांच ओवर में भारत ने 62 रन बटोरे। हरमनप्रीत 91 रन बनाकर नाबाद रहीं। जिंबाब्वे की ओर से बीलव्ड बिजा ने तीन विकेट लिए। भारत का 216 रन का स्कोर उसके सर्वश्रेष्ठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोरों में चौथे स्थान पर है। शेफाली ने इस साल महिला टी20 में 50 छक्के पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाली वे हरमनप्रीत कौर के बाद दूसरी खिलाड़ी बनी हैं।
भारतीय महिला क्रिकेटर शॉट लगाते हुएभारतीय गेंदबाजों को मिली शुरुआती सफलता
217 रनों के लक्ष्य की पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने पहली ही गेंद पर केलिस न्धलोवु को आउट कर दिया। उनके बाद अगले ही ओवर में नंदिनी शर्मा ने एक और झटका देते हुए मोडेस्टर मुपाचिकवा को एक रन के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया।जिंबाब्वे की टीम महज 12 रन पर दो विकेट गंवाकर दबाव में आ गई।
बिलव्ड बिजा ने बनाए 60 रन, लेकिन जीत नहीं दिला सकीं
भारतीय गेंदबाजों के शुरुआती झटकों के बाद बिलव्ड बिजा ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 60 रन बनाए। हालांकि, निकी प्रसाद ने उनकी पारी का अंत किया। शेफाली वर्मा ने उनका कैच पकड़ा और भारत को अहम सफलता मिली। बिजा के आउट होने के बाद जिंबाब्वे की टीम लक्ष्य की ओर तेजी से आगे नहीं बढ़ सकी। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को 124 रन पर रोक दिया।
नंदिनी शर्मा ने झटके तीन विकेट
भारत की जीत में नंदिनी शर्मा ने गेंद से अहम योगदान दिया। उन्होंने चार ओवर में 18 रन खर्च करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद को भी एक-एक विकेट मिला। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीसरा मुकाबला 92 रनों से अपने नाम किया और तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिंबाब्वे का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। हरमनप्रीत कौर की दमदार वापसी, शेफाली वर्मा की आक्रमक बल्लेबाजी और भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने टीम की जीत को यादगार बना दिया।