IRCTC Ramayana Tour Package: यदि आप भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी हाजिरी लगाना चाहते हैं और उनके जीवन से जुड़े पावन स्थलों के दर्शन की इच्छा रखते हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। आईआरसीटीसी ने 'श्रीरामायण यात्रा' टूर पैकेज का ऐलान किया है, जिसके जरिए आप एक ही ट्रिप में देश और विदेश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। आम तौर पर जब हम या आप परिवार के साथ कोई ट्रिप प्लान करते हैं, तो वह दो-चार दिनों या फिर एक-दो शहरों तक सीमित रह जाती है। लेकिन इस टूर पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरे 18 दिन और 17 रातों का एक लंबा और व्यवस्थित सफर है, जिसमें रामकथा से जुड़े हर अहम पड़ाव को शामिल किया गया है।
कब से शुरू होगी यात्रा और कैसा होगा सफर ?
IRCTC की यह खास रामायण यात्रा 1 फरवरी 2027 से शुरू होने जा रही है। इस पूरी यात्रा के लिए यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस 'भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन' से सफर कराया जाएगा। ट्रेन का सफर तो इसमें शामिल है ही, साथ ही जरूरत के मुताबिक सड़क मार्ग से भी स्थानों तक ले जाने की व्यवस्था की गई है। इस पैकेज में कुल 150 यात्रियों के बैठने की क्षमता रखी गई है, जिससे सभी को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस ट्रेन में सफर की शुरुआत दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से होगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और लखनऊ स्टेशनों से भी ट्रेन पर सवार होने का विकल्प दिया गया है। वापसी के दौरान यात्रियों को झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा या वापस दिल्ली सफदरजंग पर उतारा जाएगा।
किन-किन धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन?
यह यात्रा उत्तर भारत से शुरू होकर दक्षिण भारत और पड़ोसी देश नेपाल तक जाएगी। मुख्य पड़ाव इस प्रकार हैं:
- उत्तर भारत और नेपाल: यात्रा की शुरुआत सबसे पहले अयोध्या से होगी, जहां श्रद्धालु राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे। इसके बाद नंदीग्राम, सीतामढ़ी, बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर और चित्रकूट के दर्शन कराए जाएंगे। सड़क मार्ग के जरिए नेपाल के जनकपुर भी ले जाया जाएगा, जहां प्रसिद्ध राम-जानकी मंदिर के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा।
- दक्षिण भारत: नेपाल के बाद यह यात्रा आगे बढ़ते हुए नासिक, हम्पी और दक्षिण भारत के बेहद पवित्र रामेश्वरम धाम तक जाएगी।
पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इस 18 दिन के लंबे सफर के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया है:
- खान-पान: सफर के दौरान ट्रेन में ही पूरी तरह से शुद्ध शाकाहारी भोजन, चाय, नाश्ता, लंच और डिनर की व्यवस्था रहेगी।
- ठहरना: इस पैकेज में कुल 18 दिनों में से 9 रातें ट्रेन में और 8 रातें होटलों में ठहरने की व्यवस्था शामिल है। जनकपुर और चित्रकूट को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर यात्रियों को 4-स्टार होटलों में ठहराया जाएगा।
- घूमना-फिरना: अलग-अलग जगहों पर स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहनों (बसों/कैब) की व्यवस्था रहेगी।
- सुरक्षा व अन्य: यात्रियों की सहायता के लिए साथ में एक प्रोफेशनल टूर मैनेजर रहेगा। इसके अलावा ट्रेन के भीतर सुरक्षा गार्ड और यात्रियों का दुर्घटना बीमा भी इसी पैकेज में शामिल है।
कितना है किराया?
- Third AC: प्रति व्यक्ति शुरुआती किराया करीब 1,23,340 रूपए है।
- First AC: अकेले सफर करने पर यह किराया लगभग 2,03,470 रूपए तक जाता है।
रेलवे की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस किराए में पहले से ही लगभग 33% की विशेष छूट शामिल की गई है। हालांकि, बुकिंग करने से पहले आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर किराए के स्लैब और नियमों को अच्छी तरह से जरूर जांच लें।
बुकिंग से पहले इन बातों का रखें खास ख्याल
- नेपाल यात्रा के लिए: चूंकि यात्रा नेपाल के जनकपुर भी जाएगी, इसलिए वहां जाने के लिए भिट्ठामोड़ बॉर्डर से गुजरना होगा। इस बॉर्डर पर इमिग्रेशन की सुविधा नहीं है, इसलिए इस रास्ते से नेपाल में प्रवेश केवल भारतीय और नेपाली नागरिक ही कर सकते हैं। अपने साथ वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट और पासपोर्ट साइज फोटो जरूर रखें।
- खान-पान के नियम: ट्रेन और पैकेज के दौरान खाने का मेन्यू पहले से तय रहता है, इसलिए अलग से अपनी पसंद का कोई विशेष खाना ऑर्डर करने की सुविधा नहीं मिलेगी।
- अतिरिक्त खर्च: मंदिरों में वीआईपी दर्शन या फिर होटलों में मिलने वाली पर्सनल रूम सर्विस का खर्च इस पैकेज में शामिल नहीं है, इसका भुगतान यात्रियों को खुद करना होगा।






