Korba Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक युवक पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का आरोप लगा है। महिला के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय संतोषी पिछले कुछ समय से आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट में संतोषी की मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को सेप्टिक टैंक में छिपाया
आरोप है कि घटना के बाद मनोज उरांव ने संतोषी के शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसे छिपाने की कोशिश की। इसके बाद वह महिला के परिजनों को गुमराह करता रहा।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने से बढ़ा शक
रक्षाबंधन के अवसर पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों को चिंता हुई। उन्होंने संतोषी की तलाश शुरू की और उसके घर पहुंचे। इस दौरान उन्हें घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला।बदबू आने पर जांच की तो मिला शव
सेप्टिक टैंक से बदबू आने पर परिजनों ने अंदर देखा, जहां संतोषी का शव मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हत्या का कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या की वजह विवाद और मारपीट बताई जा रही है। बताया गया है कि आरोपी मनोज उरांव नशे का आदी था और 27 अगस्त को संतोषी के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान हुई मारपीट में महिला की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने शव निकाला, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी मनोज उरांव घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

